बरेली में स्मैक तस्करी के लिए चर्चित फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में वसूली की वजह से एक बार फिर खाकी दागदार हुई है। भिटौरा निवासी बलवीर नाम के युवक के घर बृहस्पतिवार रात फतेहगंज पश्चिमी चौकी प्रभारी बलवीर सिंह, सिपाही मोहित चौधरी और हिमांशु पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर तलाशी के नाम पर सामान फैलाया। फिर बलवीर को घर से उठाकर ले गए। उन्हें छोड़ने के एवज में परिवार से दो लाख रुपये मांगे। शिकायत मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने जांच कराई। इसके बाद तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है।