बरेली में अमर उजाला व महिसुधा की ओर से डीडीपुरम स्थित शहीद चौक पर आयोजित दिवाली कार्निवल में अंतिम दिन नाचने-गाने के लिए शहर उमड़ पड़ा। बैंड के साथ गानों पर थिरकने के साथ ही लोगों ने जमकर खरीदारी की। देर रात तक शहर के लोग जश्न में डूबे रहे। मंगलवार को मेले का शुभारंभ डीआईजी अजय कुमार साहनी, विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी मानुष पारीक व एएसपी सोनाली मिश्रा ने किया। डीआईजी ने कहा की शहर के लोगों को तीन दिन तक भरपूर आनंद लेने का मौका मिला। यह मेला आपसी सद्भाव का संदेश देता है। तीसरे दिन रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। सबसे पहले ताइक्वांडो बरेली संगठन ने करतब दिखाकर लोगों को तालियां बटोरीं। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त जादूगर अंकुर ने एक से बढ़कर एक जादू दिखाए। अखिल बैंड ने लोगों को जमकर झुमाया। कलाकार दीक्षा व राजन मैसी ने अपनी जादुई आवाज से सबको नाचने पर मजबूर कर दिया।