बरेली के महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को विभिन्न संकायों और विभागों के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक व सम्मान प्रदान किया गया। वर्षों की मेहनत का फल मिलने पर मेधावियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने इसे अपने माता-पिता, शिक्षकों और विश्वविद्यालय का आशीर्वाद बताते हुए भविष्य के सपनों को भी साझा किया। किसी ने शिक्षक बनकर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने की बात कही तो किसी ने सिविल सेवा, शोध और उच्च शिक्षा में आगे बढ़ने का संकल्प जताया।