बाराबंकी। कोतवाली दरियाबाद क्षेत्र के गंगापुर मजरा इमलिया गांव में बहन के यहां रह रहा किशोर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। 21 नवंबर से लापता किशोर की साइकिल दरियाबाद रेलवे स्टेशन के पास लावारिस दशा में बरामद होने के बाद परिजन पहले ही परेशान थे, वहीं अब किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कैनर भेजकर रुपये की मांग किए जाने से मामला और उलझ गया है। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देवा कोतवाली क्षेत्र के सरकौना गांव निवासी पप्पू का 14 वर्षीय पुत्र उत्कर्ष करीब एक महीने पहले बहन निधि के घर गंगापुर आया था और वहीं रह रहा था। परिजनों के अनुसार 23 नवंबर को दिन में करीब 11 बजे उत्कर्ष अचानक कहीं गायब हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। खोजबीन के दौरान उसकी साइकिल दरियाबाद रेलवे स्टेशन पर खड़ी मिली। इससे आशंका जताई गई कि किशोर कहीं ट्रेन में चढ़ गया होगा, लेकिन चार दिन बाद भी उसका सुराग नहीं मिला। इस बीच परिजनों ने बताया कि एक दिन पहले अज्ञात नंबर से कॉल आई और एक स्कैनर भेजकर पांच हजार रुपये की मांग की गई। कॉल करने वाले ने कहा कि बच्चे को वापस लाने के बाद 50 हजार रुपये और देने होंगे। इससे परिवार में दहशत का माहौल है। दरियाबाद के प्रभारी थानाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों ने साक्ष्य लिए गए हैं।