हैदरगढ़ (बाराबंकी)। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर स्थित बारा टोल प्लाजा के गेट पर टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद में मारपीट हो गई। लखनऊ जा रहे एक अधिवक्ता ने टोल कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है, वहीं टोल कर्मियों ने पहले टोल गेट तोड़कर निकलने और दोबारा रोके जाने पर गाली-गलौज व विवाद करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। घटना की जानकारी मिलने पर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ता टोल प्लाजा पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को प्रतापगढ़ जनपद के थाना हथगवां क्षेत्र के गांव परानूपुर निवासी रत्नेश शुक्ला ने बताया कि वह अधिवक्ता हैं और दोपहर करीब एक बजे उच्च न्यायालय लखनऊ जा रहे थे। बारा टोल गेट पर उन्हें बताया गया कि उनके वाहन का फास्टैग समाप्त हो चुका है। रसीद काटने के लिए कहने पर टोल कर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उनकी सोने की अंगूठी भी छीन ली गई। मौके पर पहुंचे साथी अधिवक्ताओं और ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। सूचना पर पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा। वहीं टोल मैनेजर का कहना है कि बीती 30 दिसंबर को संबंधित वाहन टोल गेट तोड़कर निकल गया था और रोकने के दौरान एक टोलकर्मी को चोटें आई थीं, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। बुधवार को दोबारा बिना टोल टैक्स चुकाए निकलने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट की स्थिति बन गई। अधिवक्ता से मारपीट की सूचना पर हैदरगढ़ के अधिवक्ता टोल प्लाजा पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद