रामनगर तहसील क्षेत्र के तपेसिपाह गांव के पास सरयू नदी का कटान लगातार तेज हो गया है। कटान की जद में अब कृषि योग्य भूमि के साथ-साथ आबादी भी आने लगी है। नदी की धार गांव के करीब पहुंच जाने से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कटान का खतरा इतना बढ़ गया है कि लोग रात में सो तक नहीं पा रहे हैं और रतजगा करने को मजबूर हैं। कोरिन पुरवा गांव निवासी अजय, बदलू, बलराम, त्रिभुवन, शिवा, गुड्डू, राजेन्द्र, रामवृज और मंसाराम सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि नदी लगभग चार सौ मीटर की परिधि में कटान कर रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाढ़ खंड के ठेकेदार कटान नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। “घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं, रातभर डर बना रहता है कि कहीं नदी का पानी गांव में न घुस जाए,” ग्रामीणों ने आशंका जताई। अब ग्रामीण प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि उनकी जमीन और गांव को कटान से बचाया जा सके।