त्रिवेदीगंज। थाना क्षेत्र लोनीकटरा के हुसैनाबाद स्थित बाला जी पेट्रोल पंप पर मंगलवार देर रात बैटरी चार्ज करने को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर हुई फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई, जबकि मारपीट में तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को सीएचसी त्रिवेदीगंज ले जाया गया, जहां तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी दीपक अपने टेम्पो की बैटरी चार्ज कराने बाला जी पेट्रोल पंप पर गया था। इस दौरान पंप मालिक के पुत्र शंशाक से उसका विवाद हो गया। बताया जाता है कि दीपक ने फोन कर अपने भाइयों सतीश और लवकुश को मौके पर बुला लिया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच फायरिंग हो गई, जिससे लवकुश को गोली लग गई, जबकि सतीश पर धारदार हथियार से वार किया गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी त्रिवेदीगंज में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए अन्य थानों की पुलिस व क्षेत्राधिकारी (सीओ) को मौके पर बुलाया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल सतीश, लवकुश और पंप मालिक वीरेंद्र को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने पंप मालिक के पुत्र शंशाक, चालक दीपक और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।