पुलिस लाइन्स में आयोजित लखनऊ जोन की तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश पुलिस अन्तर्जनपदीय भारोत्तोलन क्लस्टर महिला व पुरुष प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। परेड ग्राउंड पर शक्ति, संतुलन और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसपी अर्पित विजयवर्गीय द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं। इस तीन दिवसीय आयोजन में लखनऊ जोन के विभिन्न जनपदों की टीमों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। दूसरे दिन योग और पावरलिफ्टिंग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।