एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) थाना बाराबंकी की टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ में छापा मारकर बाराबंकी के एक तस्कर को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब पांच किलो 550 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। एएनटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा मुर्तजा गांव, जनपद बाराबंकी का रहने वाला है। फिलहाल वह लखनऊ के न्यू हैदरगंज, थाना ठाकुरगंज क्षेत्र में रहकर नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था। पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि आरोपी भारी मात्रा में हेरोइन के साथ इलाके में आने वाला है। इसी सूचना के आधार पर एएनटीएफ की टीम ने कैपेबल रोड, लखनऊ के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.550 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे एक व्यक्ति हेरोइन उपलब्ध कराता है। जिसे वह कम दामों पर खरीद लेता था। इसके बाद वह उसे छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार कर शहर की गलियों में सप्लाई करता था और पुड़िया बनाकर बेचता था। एएनटीएफ थाना प्रभारी अयनुद्दीन ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की तलाश के लिए भी टीम को लगाया गया है।