कोठी। थाना कोठी के रेवतीपुरवा गांव में मंगलवार शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए मारपीट के दौरान हंसराज वर्मा (45) को गोली मार दी गई। आरोप है कि जमीन पर गिरे हंसराज पर आरोपी कार चढ़ाते हुए भाग गया। देर शाम गंभीर हालत में लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हंसराम की मौत हो गई। यह खबर गांव पहुंचते ही आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख पांच थानों की पुलिस मौके पर बुलानी पड़ी। देर रात तक एसपी अर्पित विजयवर्गीय और प्रशासनिक अधिकारी गांव में कैंप करते रहे। पुलिस के अनुसार रेवतीपुरवा निवासी हंसराज वर्मा का गांव के ही मनोज यादव से सड़क किनारे जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। प्रारंभिक तौर पर यह जमीन ग्राम समाज या तालाब की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह जमीन पर नांद रखने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। शाम को दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान पथराव में मनोज के चचेरे भाई के हर्षित के सिर में चोट लग गई। हंसराज के परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज यादव ने तमंचा निकालकर हंसराज को गोली मार दी। गोली उनके गले में लगी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि गोली लगने के बाद जमीन पर गिरे हंसराज के ऊपर से आरोपी वाहन निकालकर फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन हंसराज को सीएचसी कोठी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर किया गया। लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान हंसराज की मौत हो गई। मौत की खबर पर भड़का आक्रोश, घर घेरा हंसराज की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम करने का प्रयास किया गया। कुछ लोग आरोपी मनोज यादव के घर पहुंचे गए। हालांकि परिजनों ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। स्थिति बिगड़ती देख कोठी के अलावा जैदपुर, असंद्रा, सतरिख, रामसनेहीघाट सहित पांच थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। सीओ समीर कुमार के सामने भी ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। एसपी भी गांव पहुंचे और परिजनों को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कार्रवाई की जा रही है। गांव में स्थिति सामान्य रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।