कस्बा कोठी के पास बुधवार को शिक्षक से रिश्वत लेते हुए लखनऊ से आई सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने हैदरगढ़ तहसील के लेखपाल अमित कुमार और उसके मुंशी विनय को गिरफतार कर लिया। टीम ने छह हजार रुपये बरामद करने के बाद दोनों को कोठी थाने ले गई। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोठी के शिवाला का पुरवा निवासी शिक्षक सहजराम क्षेत्र के ही सराय मोहद्दीनपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं। इनके अनुसार बसंतपुर गांव में इनकी जमीन है जिसका अंश निर्धारण होना है। वह पिछले दो साल से हैदरगढ़ तहसील व राजस्वकर्मियों के पास चक्कर लगा रहे थे। 16 मई को समाधान दिवस में शिकायत की। बसंतपुर के लेखपाल अमित कुमार और उसके मुंशी विनय ने कस्बा कोठी के पास स्थित चावल मिल के सामने निजी कार्यालय बन रखा है। यहां लेखपाल व मुंशी ने पैसों की मांग की। इस पर परेशान शिक्षक ने लखनऊ में सतर्कता अधिष्ठान के कार्यालय का पता लगाया और शिकायत की। जिसके बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने जाल बिछाया। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे लेखपाल व मुंशी कार्यालय पहुंचे। यहां शिक्षक ने लेखपाल अमित कुमार को जैसे ही छह हजार रुपये पकड़ाए सतर्कता अधिष्ठान के इंस्पेक्टर विजय कुमार की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। देर शाम तक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया चलती रही। केोठी के एसएचओ डीपी सिंह ने बताया कि विजिलेंस टीम की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।