केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शुक्रवार से प्रदेश स्तरीय दसवीं सब-जूनियर बालक-बालिका तीरंदाजी प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं प्रदेश तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष, सेवानिवृत्त आईएएस अवनीश कुमार अवस्थी ने किया। इस मौके पर डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी अर्पित विजयवर्गीय समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। शुभारंभ के दौरान अवस्थी ने भी तीर चलाकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। तीन दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 40 जिलों से 385 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। बालक और बालिका वर्ग में रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड के मुकाबले होंगे। खिलाड़ियों के अभ्यास और मुकाबलों के लिए स्टेडियम में करीब 40 स्टैंड लगाए गए हैं। पर्यवेक्षक बलराम कृष्ण यादव ने बताया कि प्रतिभागियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रतियोगिता का माहौल पूरी तरह जोश से भरा हुआ है।