कई दिनों की भीषण गर्मी और सूखे के बाद गुरुवार दोपहर बाराबंकी का मौसम अचानक बदल गया। करीब 3 बजे रामनगर, फतेहपुर और हैदरगढ़ क्षेत्र में तेज गर्जना के साथ मूसलधार बारिश शुरू हो गई। इसके बाद करीब 4 बजे काले बादलों ने पूरे शहर को ढक लिया और अंधेरा छा गया। जल्द ही शहर में भी बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश से सबसे अधिक खुशी उन किसानों को हुई, जिनकी धान की फसल सूखने की कगार पर थी। बारिश उनके लिए संजीवनी साबित हो सकती है। जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने बताया कि इस समय पर हुई वर्षा धान की फसल के लिए बेहद लाभकारी है। यदि यह सिलसिला कुछ और दिनों तक जारी रहा, तो किसानों को सिंचाई पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और फसल की लागत भी घटेगी। वहीं शहरवासियों के लिए यह बारिश गर्मी और उमस से राहत लेकर आई है।