होली पर्व के मद्देनज़र महानगरों में काम करने वाले परदेसी बड़ी संख्या में अपने घर लौट रहे हैं। सोमवार को बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। ट्रेनों में सीट न मिलने के कारण कई यात्रियों को सामान्य डिब्बों में खड़े होकर सफर करना पड़ा। महानगरी से लौट रहे दरियाबाद निवासी श्यामू बताया कि टिकट कन्फर्म न होने की वजह से उन्हें जनरल डिब्बे में यात्रा करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि ट्रेन का निर्धारित समय 9:30 बजे बाराबंकी पहुंचने का था, लेकिन ट्रेन करीब 11:30 बजे स्टेशन पहुंची। देरी और अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, मोकामा से अपने दोस्तों के साथ आए इम्तिहान ने बताया कि वे देवा शरीफ दरगाह में होली मनाने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह है, जिसके चलते ट्रेनों और स्टेशनों पर भीड़ बढ़ गई है।