यूपी के बाराबंकी में देवा-चिनहट रोड स्थित श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को छात्रों ने परीक्षा में बैठने से रोकने के आरोप लगाकर कैंपस में प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि अगले सेमेस्टर की एडवांस फीस न जमा करने तथा 10–12 हजार रुपये तक पेनाल्टी न देने पर उन्हें वर्तमान सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया जा रहा है। पोर्टल बंद रहने से कई छात्रों को एडमिट कार्ड भी जारी नहीं हो पाया। छात्रों के हंगामा करने की सूचना पर सीओ सिटी संगम कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। क्योंकि, अभी कुछ दिन पहले ही यहां बवाल हुआ था। पुलिस ने छात्रों पर लाठी चार्ज की थी। छात्रों ने आरोप लगाया कि वे कई दिनों से रजिस्ट्रार और एचओडी के पास जाकर समस्या बता रहे थे, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। कुछ छात्रों के अनुसार, डिप्टी रजिस्ट्रार की ओर से मोबाइल रिचार्ज से जुड़े एक टिप्पणी किए जाने के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। परीक्षा शुल्क जमा करने के बाद भी एडमिट कार्ड न मिलने को लेकर छात्र व अभिभावक विश्वविद्यालय में मौजूद रहे।