बाराबंकी में बदोसराय थाना क्षेत्र के डड़क्का पुरवा में तीन दिवसीय रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बिहार के दरभंगा जिले के कलाकार प्रस्तुति दे रहे हैं। तीसरे दिन शनिवार की रात राम कलेवा के दौरान सखियों के किरदार में बैठी नर्तकियों को पैसा देकर गांव के लोगों को गाने में गाली देने और नृत्य करने के लिए उकसाया गया। विरोध में अजय वर्मा उर्फ लिप्पू और श्रवण वर्मा के बीच हाथापाई हो गई। लेकिन, लोगों ने बीच बचाव कर दिया। इसके बाद श्रवण की तरफ से महिलाओं का झुंड आ गया। मारपीट शुरू हो गई। इसमें एक पक्ष से महिला ज्ञानवती व सुंदरलाल वर्मा के सिर पर लाठी लगी। इससे खून निकलने लगा। उन्हें एम्बुलेंस से संयुक्त चिकित्सालय सिरौली गौसपुर भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रामलीला बंद करा दी। आरोपियों की तलाश में जुटी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया बिना परमिशन के रामलीला हो रही थी। आरोपी की तलाश की जा रही है। सभी पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।