बाराबंकी में जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर श्रीराम वन कुटीर आश्रम हड़ियाकोल जंगल में आयोजित विशाल नेत्र ऑपेरशन शिविर में शनिवार को खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा पहुंचे। उन्होंने ऑपरेशन कराने आए लोगों से मुलाकात और बात की। ऑपरेशन करने वाले रूबी नेलशन मेमोरियल हॉस्पिटल जलंधर पंजाब के नेत्र सर्जन डॉ. जैकब प्रभाकर व उनकी टीम से मिलकर इस नेक काम के लिए आभार जताया। डॉ. जैकब प्रभाकर की 25 सदस्यीय टीम यहां हर साल ऑपरेशन करने आती है। राज्यमंत्री ने शिविर में मरीजों की सेवा करने आने वाले कोलकाता, राजस्थान, मुंबई, दिल्ली व लखनऊ के सेवादारों से मिलकर उनके प्रति भी आभार जातया। कहा कि जंगल में मंगल करने का काम आप सबकी वजह से हो रहा है। हर साल तीन-चार हजार लोगों की आंखों का ऑपरेशन यहां होना बहुत ही सराहनीय काम है। स्थानीय सेवादार मनीष मेहरोत्रा ने बताया कि साढ़े पांच हजार लोगों ने ऑपरेशन के लिए पंजीकरण कराया है। डेढ़ हजार ऑपरेशन हो चुके हैं। यहां बीते 46 साल से प्रति वर्ष ऑपरेशन शिविर आयोजित हो रहा है। इस बार 10 जनवरी तक नेत्र ऑपरेशन व इसके बाद 11 से 13 जनवरी तक हार्निया, हाईड्रोसिल आदि के ऑपरेशन होंगे। वर्ष 1981 से 2000 तक स्वामी रामदास जी ने शिविर आयोजित कराया। इसके बाद 2021 तक स्वामी राम ज्ञान दास ने बेहतर संचालन किया। अब श्रीराम वन कुटीर आश्रम सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी संचालित कराते हैं।