बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू आज बाराबंकी जिले के रामनगर विकास खंड के गररी पंचायत भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पहुंचीं। यह कार्यक्रम 'नन्ही कली' फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें जरूरतमंद छात्राओं को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन प्रदान किए गए। इस मौके पर 60 छात्राओं को साइकिल और पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे उनकी शिक्षा तक पहुंच आसान हो सके। तापसी पन्नू पिछले पांच वर्षों से 'नन्ही कली' फाउंडेशन से बतौर डोनर जुड़ी हुई हैं और समय-समय पर ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करती हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और छात्राओं की उपस्थिति रही जिससे माहौल उत्सवमय हो गया।