बाराबंकी में नवाबगंज तहसील की अदालतों और कार्यालयों में ठंड का असर साफ दिख रहा है। ज्यादातर नायब तहसीलदार कोर्ट में सुनवाई का समय दोपहर बाद निर्धारित किया जा रहा है। सुबह के समय कार्यालय और अदालतें बंद नजर आईं। बुधवार सुबह 10:30 बजे तक तहसीलदार कोर्ट का ताला नहीं खुला था। कई अन्य नायब तहसीलदार कोर्ट पर अधिकारी उपस्थित नहीं थे। कुछ अदालतों के बाहर सूचना चस्पा कर दी गई थी कि सुनवाई का समय दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे के बीच होगा। दूर-दराज से आए वादकारी इस व्यवस्था से खासे निराश नजर आए। ठंड में यात्रा कर अदालत पहुंचे लोगों को इंतजार के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा। तहसील कार्यालयों का भी हाल खराब था। कई कार्यालयों में 10:30 बजे तक कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। जो कर्मचारी पहुंचे भी, वे एक जगह इकट्ठा होकर हीटर के पास बैठे दिखे। कार्यालयों की सीटें खाली पड़ी रहीं, जिससे वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।