बाराबंकी में शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में नगर पालिका ने एक अहम पहल की है। इसके तहत नगर पालिका के बेड़े में दो जेसीबी, एक पोकलैंड और एक छोटी जेसीबी मशीन को शामिल किया गया है। इन आधुनिक मशीनों की मदद से अब सफाई कार्य और भी तेजी व कुशलता से किया जा सकेगा। इसके साथ ही शहर की संकरी गलियों और मोहल्लों से कूड़ा-कचरा उठाने के लिए 85 ई-रिक्शा और 25 'छोटा हाथी' वाहन जल्द ही बेड़े में जोड़े जाएंगे। यह वाहन खास तौर पर उन क्षेत्रों के लिए उपयोगी होंगे जहां बड़े वाहनों की पहुंच संभव नहीं है। नगर पालिका द्वारा यह व्यवस्था शहर के सभी 29 वार्डों में लागू की जाएगी, ताकि सफाई व्यवस्था को समग्र रूप से बेहतर बनाया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहनों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही यह वाहन सेवा में लगाए जाएंगे।