यूपी के बाराबंकी में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर एलपीजी टैंकर में हुए रिसाव के चलते बुधवार को यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सुरक्षा कारणों से हाईवे को सील कर दिया गया, लेकिन इसका सबसे बड़ा असर शहर के भीतर और आसपास के वैकल्पिक मार्गों पर देखने को मिला। बाराबंकी से सतरिख, सतरिख से चिनहट रोड और देवा रोड तक भारी वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। छोटे वाहन और स्थानीय यात्री भी घंटों जाम में फंसे रहे। कई जगहों पर लोग लंबी कतारों में खड़े रहे और हॉर्न व सायरनों की आवाजों के बीच माहौल तनावपूर्ण बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने गुरुवार सुबह करीब 9 बजे दूसरे टैंकर में गैस ट्रांसफर करवाई और कुछ गैस को सुरक्षित रूप से निकाल दिया। इसके बाद धीरे-धीरे हालात सामान्य होने लगे। फिलहाल, हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य रूप से संचालित हो रहा है, हालांकि प्रशासन सतर्कता बनाए हुए है।