बाराबंकी में रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों के बीच अब डीजल की किल्लत ने आम लोगों और किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बृहस्पतिवार सुबह से जिले के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल खत्म हो गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शहर में देवा रोड स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म होने के बाद लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। डीजल न मिलने से वाहन चालकों के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों के लिए डीजल जरूरी होता है, ऐसे में किसान बड़े-बड़े डिब्बे और कलेक्टर लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं। कई जगहों पर लोग घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन डीजल खत्म होने की सूचना मिलते ही निराशा हाथ लगी।