फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki: दलितों को बनाया जा रहा था ईसाई, पुलिस ने मारा छापा, 18 हिरासत में

सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुर्जनपुर मजरे बांकीपुर में रविवार को धर्म परिवर्तन के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। गांव के बाहर बने एक मकान की छत पर चल रहे कथित धर्म परिवर्तन कार्यक्रम की सूचना बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं तक पहुंची। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस ने छापेमारी कर करीब डेढ़ दर्जन लोगों को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम की तैयारी पिछले 10 दिनों से चल रही थी। रविवार को दलित बस्ती में स्थित राकेश उर्फ लाला मंगता के मकान में जिले के जैदपुर, सूरतगंज, सिद्धौर सहित कई स्थानों से करीब 100 महिला-पुरुष एकत्र हुए थे। मकान की छत पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा था। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम को तत्काल बंद कराया और एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस को मौके से एक वैगनार गाड़ी और दर्जनों मोटरसाइकिलें भी मिलीं। वैगनार गाड़ी में एक क्रिश्चियन लॉकेट लटका हुआ पाया गया, जिससे धर्म परिवर्तन के शक को और बल मिला। प्रमुख आयोजक छंदवल निवासी राधेश्याम गौतम बताया जा रहा है, जो राकेश के साथ मौके से फरार हो गया। घटना में सबसे अधिक गौतम बिरादरी के लोग शामिल थे। मौके पर पहुंचे ग्राम राम मंडई सूरतगंज निवासी श्रवण कुमार वर्मा, अवध राम गौतम, विक्रम बहादुर गौतम आल्हेमऊ सूरतगंज ने बताया कि उन्हें बीमारी ठीक करने के बहाने यहां बुलाया गया था। ढोलक बजाकर हिंदी में धार्मिक प्रवचन दिए जा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मकान में प्रत्येक रविवार को इसी प्रकार प्रार्थना सभा का आयोजन होता था और ढोलक बजाई जाती थी। बजरंग दल के जिला संयोजक विनय सिंह राजपूत ने बताया कि उन्हें पहले से जानकारी थी कि इस स्थान पर हर रविवार ऐसे कार्यक्रम होते हैं। विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष सिरौलीगौसपुर अजय पाल पटेल और कार्यकर्ता आयुष नाग के साथ मिलकर उन्होंने पुलिस को इस कार्यक्रम की सूचना दी। सफदरगंज थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मकान की छत पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर प्रार्थना कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मौके पर पहुंचे एसडीएम प्रीति सिंह और सीओ सदर ने भी पूछताछ की। सफदरगंज के कोतवाल अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने वाहनों के नंबर नोट कर लिए हैं और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ हो रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें