साईं महोत्सव रविवार को नगरपालिका नवाबगंज परिसर में धूमधाम से मनाया गया। श्रीसाईं की सत्यव्रत पूजा एवं हवन के बाद गाजे बाजे संग पालकी यात्रा निकाली गई। बग्घी व झाकियों से सुसज्जित यात्रा में साई बाबा के जयकारे गूंजते रहे। रास्ते में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारी और पुष्पवर्षा की। श्री शिरडी साईं बाबा सेवा संस्थान ट्रस्ट की अगुवाई में शिरडी के पुरोहित शेखर कुलकर्णी ने सत्यव्रत पूजा कराई। दोपहर बाद नागेश्वरनाथ मंदिर पर साईं बाबा की यजमानों संग पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने पूजा अर्चना की। इसके बाद भव्य पालकी यात्रा निकली तो घंटाघर से धनोखर तक सड़क के दोनों ओर खड़े श्रद्धालु बरसा रहे थे। व्यवसाइयों ने अपनी दुकान के सामने प्रसाद बांटा और जमकर पुष्पवर्षा की। रास्ते में लोगों ने आरती उतारी। ऊंट, बग्घी और विभिन्न देवी देवताओं की झांकियों संग पालकी यात्रा में चलती ट्राली पर भजन गायक थे तो नीचे महिलाओं व युवतियों ने खूब नृत्य किया। भांगड़ा की धुन बजी तो सभी झूम उठे और थिरकते आगे बढ़ते रहे। पालकी यात्रा के दौरान वातावरण साईंमय हो गया।