एलयूसीसी समेत कई कथित वित्तीय कंपनियों में निवेश कर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा चुके लोगों ने अब एकजुट होकर आवाज उठाने का फैसला किया है। इन लोगों ने ‘जमाकर्ता पीड़ित संघ’ नाम से एक संगठन बनाया है, जिसके जरिए वे न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं और प्रशासन व सरकार से अपनी राशि वापस दिलाने की मांग कर रहे है। बुधवार को जिले के गाना कार्यालय परिसर में महिलाएं व अन्य पीड़ित थाली, बेलन, ढोल मंजीरा, शंख बजाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि इन कंपनियों ने उन्हें बेहतर ब्याज दर और सुरक्षित निवेश का झांसा देकर लाखों रुपये जमा कराए थे लेकिन अब कंपनी के दफ्तर बंद हैं और अधिकारी लापता हैं। पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पीड़ितों की राशि वापस दिलाई जाए।