बुंदेलखंड और कानपुर के आसपास के जिलों में शादी का झांसा देकर लोगों को ठगने वाला गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। एक युवक की शिकायत पर पुलिस ने गिरोह में शामिल दो महिलाओं समेत चार को पकड़ लिया। गिरोह नोटरी के माध्यम से शादी कराते थे और रुपये और जेवर लेकर चंपत हो जाते थे। गिरोह में शामिल जालौन की युवती दुल्हन बनती थी। देहात कोतवाली के जमालपुर गांव निवासी शंकर उपाध्याय ने कोतवाली में तहरीर दी,। बताया कि शादी कराने के नाम पर उससे ठगी की जा रही है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच की तो मामला सच निकला। रविवार को महोखर गांव चौराहे से पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह ऐसे लोगों को शिकार बनाते थे, जिनकी शादी नहीं हो रही होती है। ऐसे व्यक्तियों से शादी कराने के नाम पर पैसा लेकर गिरोह की युवती से शादी करा देते थे। कुछ दिन रुकने के बाद मौका पाकर युवती घर के जेवर और रुपये लेकर भाग जाती थी।