राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तरफ से शनिवार को स्थानीय बाजार में पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पथ संचलन के जरिए लोगों को राष्ट्रीयता व सामाजिक समरसता का पाठ पढ़ाते हुए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बाल विद्या मंदिर इंटर कालेज प्रांगण में पथ संचलन कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि व आरएसएस के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर ने कहा कि राष्ट्र हित सर्वोपरि है। उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवन शैली अपनाने, शिक्षित बनो, व संगठित रहो का संदेश देते हुए गांव-गांव लोगों को जागरूक करने की बात कही। यहां से प्रांत प्रचारक के साथ उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा व ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह चौहान के नेतृत्व में पथ संचलन शुरू किया गया। हाथों में दंड लिए पूर्ण गणवेश में आरएसएस व भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्रवादी बनो व स्वदेशी वस्तु अपनाओ का नारा लगाते हुए पैदल चल रहे थे। पथ संचलन भद्रकाली चौक, ब्लाॅक, पुरानी बाजार, हनुमानगढ़ी, गायत्री पुरम व अधीनपुर होते हुए पुन: बाल विद्या मंदिर इंटर काॅलेज प्रांगण पहुंचकर समाप्त हुआ। रास्ते में जगह-जगह बाजारवासियों ने पथ संचलन में शामिल स्वयं सेवकों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक प्रवीण, जिला प्रचारक जितेंद्र, खंड कार्यवाह भारत नरेश, संतोष कुमार पिंकू, महेंद्र पांडेय, लालमन वर्मा, दीपचंद जायसवाल, जिलेदार पांडेय, घनश्याम, राम करन व महंत वीरेंद्र दास सहित करीब 500 स्वयं सेवक मौजूद रहे।