आर्थोपेडिक एसोसिएशन नौ अगस्त को बेसिक हिप आर्थोप्लास्टी पाठ्यक्रम का आयोजन करेगा। इस कार्यक्रम में देश भर से लगभग 100 आर्थो सर्जन भाग लेंगे। एसोसिएशन की तरफ से कूल्हा प्रत्यारोपण की दो सर्जरी का लाइव प्रसारण भी दिखाया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. एके भट्ट ने कहा कि आर्थोपेडिक सर्जनों को शिक्षित करने के लिए पहला बेसिक हिप आर्थोप्लास्टी कोर्स आयोजित किया जा रहा है। नौ अगस्त को बहराइच मार्ग पर एक होटल में यह कोर्स आयोजित होगा। कहाकि इसका उद्देश्य कूल्हा सर्जरी में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना, ज्ञान-साझाकरण और सहयोग के माध्यम से बेहतर रोगी देखभाल प्रदान करना है। सह अध्यक्ष डा. अशोक सिंह ने कहा कि एकेडमिक लेक्चर और व्यावहारिक शिक्षा के उच्चतम मानक को सुनिश्चित करने के लिए इस कोर्स में पूरे भारत से प्रतिष्ठित स्पाइन सर्जन भाग लेंगे। आयोजन अध्यक्ष डा. आसिफ हुसैन ने कहा कि इसमें आर्थोपेडिक प्रशिक्षुओं, अभ्यासरत शल्य चिकित्सकों के सहयोग से कूल्हे की सर्जरी के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित होगा। बताया कि इस कोर्स में मुंबई के सर्जन डॉ. अनिमेश कुमार, प्रोफेसर डॉ. गणेश राजेश्वर, वैशाली के डॉ. अखिलेश यादव, कन्नौज के प्रोफेसर डॉ. . सीपी पाल, सैफई के डॉ. हरीश कुमार, बहराइच के डॉ. मिथलेश कुमार व गोंडा के डॉ. विवेक स्वर्णकार सहित देश भर से लगभग 100 सर्जन प्रतिभाग करेंगे।