नगर पालिका बलरामपुर के स्थापना दिवस पर संगीत व काव्य पाठ की जुगलबंदी ने बटोरी तालियां संवाद न्यूज एजेंसी बलरामपुर: आदर्श नगर पालिका परिषद के स्थापना दिवस समारोह पर आयोजित कवि सम्मेलन एवं सांस्कृतिक संध्या में देशभक्ति, हास्य, व्यंग्य और प्रेम का संगम देखने को मिला। मंच पर संगीत और काव्यपाठ की जुगलबंदी से मंत्रमुग्ध होकर लोगों ने खूब तालियां बजाई। ठहाकों और तालियों की आवाज से एमएलके महाविद्यालय का सभागार देर रात तक गूंजता रहा। नगर पालिका बलरामपुर के 155वें स्थापना दिवस पर मंगलवार की रात संगीत संध्या व कवि सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना से हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने बाहर से आये कवियों के साथ स्थानीय कलाकारों को स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया। संगीत संध्या में दिल्ली से आये एसडी सिंह के साथ स्थानीय गायिका मांडवी तिवारी, वैष्णवी सिकरवार, अंशिका उपाध्याय, संजय गिरि, सूरज श्रीवास्तव एवं सूर्य प्रकाश शुक्ला आदि ने सुमधुर आवाज में गीत व गजल सुनाकर समां बांध दिया। इसके बाद नगर के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान करने वालों को सम्मानित किया गया। कवि सम्मेलन में बाराबंकी से काव्यपाठ करने आए विकास बौखल ने प्रेम और मानवता का संदेश देते हुए दुनिया को प्यार से जोड़ने की बात कही। मणिका दुबे ने सामाजिक संवेदना और मानवीय रिश्तों पर आधारित रचना से श्रोताओं को भावुक कर दिया। फरीदाबाद के दिनेश रघुवंशी ने सैनिकों और किसानों के बलिदान को समर्पित कविता सुनाकर देशभक्ति का जज्बा जगाया। अभय निर्भीक ने तिरंगे के सम्मान की रक्षा का संकल्प दोहराया। कोटा राजस्थान से आए कुंवर जावेद ने काव्य पाठ करते हुए दोहरे चरित्र वालों पर तीखा व्यंग्य किया। मनोज मिश्र कप्तान ने बदलती सामाजिक सोच और दिखावे पर तीखा व्यंग्य किया। सुरेश सैनिक ने अपनी विशिष्ट शैली में संघर्ष और जीवन की चुनौतियों को शब्द दिए। रुखसार बलरामपुरी ने प्रेम, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। डॉ. कलीम कैसर ने भारत और गंगा की महानता का गुणगान किया। डॉ. ओम प्रकाश मिश्र ने समाज को अन्याय के विरुद्ध जागरूक रहने का संदेश दिया। आदर्श त्रिपाठी ने सृजन और सकारात्मक सोच को समाज की असली ताकत बताया। सम्मेलन के समापन पर हास्य कवि विनोद कलहंस ने अपनी चुटीली कविताओं से ऐसा माहौल बनाया कि पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। इस अवसर पर तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, ब्लाक प्रमुख हेमंत जायसवाल, ब्लाक प्रमुख राकेश तिवारी, महिपाल चौधरी, डीपी सिंह बैस, रमेश पाहवा, संजय शुक्ला, कुलदीप सिंह व डॉ. अब्दुल मन्नान सहित तमाम साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।