बलरामपुर में ललिया थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव के पास नाले में 08 जुलाई को मिले युवती के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। एक वर्ष पहले प्रयागराज की युवती के मोबाइल नंबर से ललिया क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी विनोद कुमार के मोबाइल नंबर पर गलती से मिस्ड कॉल आ गया। विनोद ने दोबारा उसी नंबर पर फोन किया और बातें करने लगा। एक वर्ष बाद युवती को मिलने के लिए बुलाया। करीब 16 दिन तक साथ रखा। युवती शादीशुदा थी। फिर भी वह विनोद से शादी की जिद करने लगी। इस पर विनोद ने साप्ताहिक बाजार घुमाया। कपड़े खरीदे और नए कपड़े पहनवाए। उसे वापस जाने को कहा। वह नहीं मानी तो उसे एक नाले के पास लाकर बाइक से उतारा। सन्नाटा देखकर गला दबाकर मार डाला। शव छिपाने के लिए नाले में फेंक दिया। एसपी विकास कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर मृतका की फोटो पोस्ट करके पहचान की गई। आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है।