बलरामपुर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले भर में शिविर के आयोजन किए गए। जिला मुख्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में योग शिविर का शुभारंभ उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, सूचना आयोग के सचिव कुमार प्रशांत और सदर विधायक पल्टूराम ने दीप प्रज्जवलित करके किया। मास्टर ट्रेनर डॉ. अमरजीत व योग सहायिका शिखा ने अधिकारी, जनप्रतिनिधि और लोगों को योगाभ्यास कराया। योग शिविर में डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन, सीडीओ हिमांशु गुप्त, एडीएम ज्योति राय, सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. संजय कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत चंद्रशेखर चौरसिया, आयुष विभाग के डीपीएम दुर्गेश चौधरी मौजूद रहे। इसी तरह जिला पंचायत कार्यालय, पुलिस लाइन, नौवी वाहिनी मुख्यालय, जिला मेमोरियल अस्पताल, मेडिकल कॉलेज सहित सभी ब्लॉक और तहसील कार्यालयों में सुबह लोगों में योगाभ्यास किया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर करीब 5 लाख लोगों ने योग किया है।