बलरामपुर में 77वें गणतंत्र दिवस पर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। कलेक्ट्रेट, तहसील, ब्लॉक, थाना, कोतवाली, शिक्षण संस्थानों और पंचायत भवनों में ध्वजारोहण कर संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली गई। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने ध्वजारोहण किया, वहीं पुलिस लाइन, विकास भवन, जिला अस्पताल, नगर पालिका व अन्य सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों द्वारा तिरंगा फहराया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई और देश की एकता व अखंडता का संदेश दिया गया। जनपद के सरकारी व निजी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरियां निकालीं और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, संविधान के मूल्यों और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। बच्चों के नृत्य, गीत और नाटिकाओं ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगे फहराए गए। कई स्थानों पर मिठाई वितरण, पौधरोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाए गए। शहीदों को नमन करते हुए लोगों ने राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों ने संविधान की मर्यादा बनाए रखने, अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। पूरे जिले में शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।