बलरामपुर में शनिवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर अमर उजाला फाउंडेशन व स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से लगाया। यहां सुबह से ही रक्तदाताओं की कतारें लगने लगीं। युवाओं, महिलाओं, छात्र-छात्राओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बड़े ही जोश और जिम्मेदारी के साथ रक्तदान किया। 62 महादानियों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा में नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। शिविर का शुभारंभ डीएम पवन अग्रवाल, एसपी विकास कुमार एवं सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने किया। डीएम ने कहाकि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचा सकता है। समाज के हर सक्षम व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में आगे आना चाहिए। यहां के लोगों ने आज जो उदाहरण पेश किया है, वह अनुकरणीय है। एसपी ने कहा कि रक्तदान केवल जीवन बचाने का ही कार्य नहीं है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है। युवाओं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी यह साबित करती है कि हमारा समाज जागरूक और जिम्मेदार बन रहा है। शिविर में विश्व हिंदू महासंघ, एल एंड टी, अभ्युदय कोचिंग, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर, यूनाईटेड टीचर्स एसोसिएशन, बाला जी परिवार व यूथ हॉस्टल एसोसिएशन का सहयोग रहा। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. एके चौधरी, सीएमएस डॉ. राज कुमार वर्मा, पैथालॉजिस्ट डॉ. आकांक्षा शुक्ला, डॉ. एसपी विश्वकर्मा, डॉ. रूचि पांडेय, अरविंद मिश्रा, शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, ब्लड बैंक प्रभारी सीपी श्रीवास्तव, अशोक पांडेय, अंजली सिंह, सोनम तिवारी, हिमांशु त्रिपाठी, ऋषि व अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से भी रक्तदान हुआ, सचिव अतुल कुमार नायक ने सभी रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।