स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार से बलरामपुर क्रिकेट लीग सीजन-4 का शुभारंभ हुआ। तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल ने ट्राफी का अनावरण व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। टूर्नामेंट का पहला मैच इटियाथोक व तिरंगा इलेवन बलरामपुर टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तिरंगा इलेवन की टीम ने 144 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब पारी में इटियाथोक की टीम ने चार विकेट से उद्घाटन मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। इटियाथोक के खिलाड़ी अनुपम शुक्ल को 53 रन बनाने तथा एक विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के आयोजक विक्की तिवारी ने बताया कि सात नवंबर को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।