एमएलके पीजी कॉलेज के खेल मैदान पर चल रहे महाराजा सर बीपी सिंह अखिल भारतीय प्राइज मनी हाकी टूर्नामेंट का फाइनल मैच सोमवार को खेला गया। गाजीपुर की टीम फाइनल मैच जीतकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। गाजीपुर के खिलाड़ी राहुल राजभर को मैन आफ द मैच और नागपुर के पीयूष सत्याकर को प्लेयर आफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया। वहीं गाजीपुर के नीरज यादव को बेस्ट स्कोरर का अवार्ड दिया गया। फाइनल मैच के पहले मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पवन अग्रवाल का महाविद्यालय में छात्राओं ने वेद मंत्रों के साथ तिलक लगाकर स्वागत किया। स्काउट गाइड के छात्रों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। प्राचार्य प्रोफेसर जेपी पांडेय व आयोजन समिति के सदस्यों ने डीएम को बुके व तुलसी का पौधा भेंटकर स्वागत किया। टूर्नामेंट अध्यक्ष व महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव लेफ्टीनेंट कर्नल आके मोहंता सहित अन्य अतिथियों का भी बैज लगाकर स्वागत किया गया। महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं चक द इंडिया गीत पर समूह नृत्य करके सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्राचार्य ने टूर्नामेंट की आख्या प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि एवं टूर्नामेंट अध्यक्ष ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके फाइनल मैच शुरु कराया। फाइनल मुकबला श्रीमेघबरन सिंह हाकी एकेडमी करमपुर गाजीपुर एवं नागपुर एकेडमी नागपुर के बीच खेला गया। पहले हाफ के पांचवें मिनट में गाजीपुर के खिलाड़ी चंदन राजभर ने पेनाल्टी कार्नर से गोल करके टीम का खाता खोला। 29वें मिनट में गाजीपुर के खिलाड़ी त्रिलोकी बेनवंशी व 30वें मिनट में अजीत यादव ने मैदानी गोल करके टीम को 3-0 से बढ़त दिला दी। नागपुर के खिलाड़ी आकाश यादव ने 51वें मिनट में गोल किया। इसके बाद कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इस तरह करमपुर गाजीपुर की टीम ने 3-1 से मैच जीतकर टूर्नामेंट पर कब्जा जमा लिया। विजेता टीम को मिला ट्राफी व 75 हजार रुपये पुरस्कार अखिल भारतीय हाकी टूर्नामेंट की विजेता गाजीपुर की टीम को मुख्य अतिथि डीएम पवन अग्रवाल ने ट्राफी एवं 75 हजार रुपये पुरस्कार प्रदान किया। उप विजेता नागपुर की टीम को रनर कपके साथ 51 हजार रुपये प्रदान किया गया।