अग्निवीर की ट्रेनिंग लेकर घर लौटे तेंदुआ ग्राम निवासी खुर्शीद का शुक्रवार को रेलवे प्रांगण में भव्य स्वागत किया गया। लोगों ने अग्निवीर का फूल-मालाओं से स्वागत कर भारत माता की जय के नारे लगाए। बाद में खुले वाहन पर सवार होकर अग्निवीर ने लोगों का अभिवादन किया। खुर्शीद का चयन कुछ माह पूर्व भारतीय सेना में अग्निवीर जीडी (जनरल ड्यूटी) के तहत हुआ। अग्निवीर का प्रशिक्षण प्राप्त कर घर लौटे खुर्शीद का गांव वालों ने गर्मजोशी के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत खुर्शीद ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा देंगे। स्वागत करने वालों में सपा के प्रदेश प्रमुख महासचिव अंगद यादव, मुन्ना वर्मा, देवेंद्र शर्मा, शमशाद, अशोक आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।