बलिया में पशु तस्कर सक्रिय हैं। स्थानीय जनता की माने तो रात के अंधेरे में सक्रिय तस्कर वाहनों के सहारे पशु तस्करी को अंजाम देते हैं और पुलिस इस पर चुप्पी साधे हुए है। मामला तब पूरी तरह से सामने आया जब पशुओं से भरी पिकअप खंभे से जा टकराई और आवाज सुन ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए और पुलिस वाहन को थाने ले गई। बताते चलें कि चिलकहर स्थित गड़वार थाना क्षेत्र के झंगही गांव के समीप रविवार की रात 11 बजे पशुओं से भरी पिकअप खंभे से जा टकराई। तेज आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस वाहन सहित पशुओं को थाने ले आई। पशु तस्कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे। ग्रामीणों का आरोप था कि प्रत्येक दिन इसी मार्ग से पशुओं से लदे वाहन गुजरते हैं। पुलिस की मिलीभगत से यह धंधा बदस्तूर जारी है। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों में काफी आक्रोश व्याप्त है।