स्वतंत्रता संग्राम के प्रथम महानायक शहीद मंगल पांडे की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगवां स्थित शहीद मंगल पांडे इंटर कालेज में समारोह का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी और गार्ड आफ आनर के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में 'शहीद पत्रिका' का विमोचन कर क्रांतिवीर की गाथा को याद किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तड़के प्रभात फेरी के साथ हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया। शहीद मंगल पांडे अमर रहें और वन्दे मातरम के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में स्थित शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें 'गार्ड आफ आनर' दिया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यालय की विशेष स्मारिका 'शहीद पत्रिका' का विमोचन पूर्व जिला पंचायत चंद्र प्रकाश पाठक द्वारा किया गया। इस पत्रिका में मंगल पांडे के जीवन संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े अनछुए पहलुओं और इस विद्यालय के प्रारंभ से अब तक की समस्त विषयों को संकलित किया गया है। चंद्रप्रकाश पाठक ने कहा कि यह पत्रिका नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगी। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।