बलिया जिले के दुबहड़ थाना क्षेत्र के नगवा गांव में करीब दो दशक पुराने जमीनी विवाद ने रविवार की शाम खूनी रूप ले लिया। पट्टीदारी को लेकर हुए विवाद में 58 वर्षीय राजदेव पाठक की लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। दो थाने की फोर्स तैनात है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। नगवा गांव निवासी राजदेव पाठक अपने पड़ोस के काशी यादव के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान उनके पट्टीदार व पड़ोसी उत्कर्ष पाठक पुरानी जमीनी रंजिश और पट्टीदारी विवाद को लेकर वहां पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडे और ईंट से राजदेव पाठक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही दुबहड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।