बलिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक का विरोध कर कांग्रेस, सपा, टीएमसी और डीएमके ने यह साबित कर दिया है कि वे महिलाओं को नेतृत्व का अधिकार नहीं देना चाहते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाएं कानून बनाने और उसके क्रियान्वयन में सीधे तौर पर भागीदार बनें, लेकिन विधेयक के गिरने पर जश्न मनाने वाले दलों को यह मंजूर नहीं है। कांग्रेस ने हमेशा अनुसूचित, वंचितों और महिलाओं के अधिकारों में बाधा डाली है। समाजवादी पार्टी को घोषित रूप से नारी विरोधी बताते हुए मंत्री ने कहा कि देख सपाई, बिटिया घबराई। इनके रहते महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन हमेशा खतरे में रहेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि वहां की आधी आबादी ने अब बंगाल में सत्ता परिवर्तन का संकल्प ले लिया है।