नगरा थाना क्षेत्र के तुर्की दौलतपुर गांव निवासी भारतीय सेना के हवलदार अरविंद कुमार (42) का राजस्थान के सूरतगढ़ सैन्य छावनी में इलाज के दौरान निधन हो गया। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। भारत माता की जय और जब तक सूरज-चांद रहेगा, अरविंद तेरा नाम रहेगा जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा।