ग्रामीण अंचलों में कुटीर उद्योग का स्वरुप धारण कर चुकें कच्ची शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ बृहस्पतिवार को यूपी और बिहार के आबकारी विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रुप से व्यापक अभियान चलाया। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत संयुक्त टीम ने रेवती व बैरिया थाना क्षेत्र के तीन गांवों में छापा मार कर 35 लीटर कच्ची शराब बरामद की। साथ ही मौके पर 300 किग्रा लहन नष्ट किया। इस कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने एक अभियोग भी पंजीकृत किया है। जानकारी के अनुसार, शराब के अवैध निर्माण, बिक्री, परिवहन व भंडारण के विरुद्ध आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश एवं आयुक्त मद्यनिषेध उत्पाद एवं निबंधन, बिहार के निर्देश पर जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बृहस्पतिवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 दिनेश कुमार, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 मनोज कुमार यादव एवं उप निरीक्षक सारण सदर, बिहार हेमा के संयुक्त नेतृत्व में आबकारी दोनों राज्यों की संयुक्त टीम ने रेवती थाना के भाखर, रेवती एवं बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद गांव स्थित एक ईंट भट्ठा में छापामारी की। इस दौरान टीम ने 35 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही 300 किग्रा लहन नष्ट कराया। वहीं,टीम की ओर से मामले में एक अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग, बलिया और आबकारी विभाग,सारण, बिहार के आरक्षी भी मौजूद रहे।