बहराइच। शहर और ग्रामीण अंचलों में शारदीय नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना का शुरू हो गई और कलश स्थापना कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में मां जगदंबा और शेरोवाली के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बन गया। पंडालों में भी रात में हुई महाआरती में आस्था और श्रद्धा का हुजूम दिखा। शहर के संहारणी मंदिर, मरीमाता मंदिर, पुलिस लाइन स्थित बेरिया माता मंदिर, डिगिहा स्थित संघारन मंदिर और उर्रा बाजार स्थित जय मां कारीकोट मंदिर में सुबह पांच बजे से ही भक्त पूजा-अर्चना में तल्लीन दिखे। श्रद्धालु मंदिर में लंबी लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मरी माता दुर्गा मंदिर में बैरिकेडिंग के बीच भक्तों ने पूरी श्रद्धा के साथ पूजा की। नवरात्र का पहला दिन होने के कारण मंदिरों में भक्तिमय वातावरण बना रहा। पूरे दिन देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं के जयकारे गूंजते रहे। भक्तों ने घरों में भी कलश स्थापना कर विधिविधान से मां शैलपुत्री की आराधना की। मंदिर और पंडालों के बाहर तैनात रही पुलिस मंदिरों में विशेष इंतजाम किए गए और सुरक्षा के लिए महिला व पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहे। मंदिरों के बाहर पूजा सामग्री की दुकानों की भी व्यवस्था की गई, जिससे भक्त आसानी से पूजा का सामान खरीद सकें।