बहराइच। मिशन शक्ति टीम ने कस्बे के भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं बाजार क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं पर हो रहे अपराध, साइबर अपराध तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान के दौरान टीम ने महिलाओं व बच्चियों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ की और उन्हें निडर होकर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। महिला संबंधी अपराध की शिकायत हेतु टोल फ्री नंबर 1090, 1098, 1076, 112, 181 एवं 108 की जानकारी दी गई। वहीं साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में अवगत कराया गया। टीम द्वारा विशेष रूप से बताया गया कि अपना ओटीपी, बैंक खाता नंबर एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें। “डिजिटल अरेस्ट” जैसे साइबर फ्रॉड के प्रति भी सावधान किया गया, जिसमें ठग स्वयं को पुलिस, सरकारी अधिकारी या साइबर क्राइम अधिकारी बताकर लोगों को डराकर धन ऐंठते हैं। ऐसे फोन कॉल्स से सतर्क रहने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त मानव तस्करी एवं बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस टीम में उप निरीक्षक राहुल सरोज उप निरीक्षक सुरभानमहिला आरक्षी प्रिया पाण्डेय शामिल रहे।यह जागरूकता अभियान क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों के प्रति सजग करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।