बहराइच के कतर्नियाघाट जंगल इलाके के चौधरी चरण सिंह घाघरा बैराज पर गुरुवार को नए साल का जश्न मनाने के लिए हजारों की संख्या क्षेत्र व दूरदराज के सैलानी पहुंचे। बैराज पर पिछले कई साल की तुलना में इस साल भीड़ ज्यादा रही। बैराज के सभी किनारों पर चार पंहिया वाहनों की लम्बी पार्किंग लगी रही और बैराज के सभी रास्तों और नदी के किनारे पर सैलानियों का हुजूम देखने को मिला। सुबह से ही बैराज के तीन अलग अलग हिस्सों में दुकानें सजी रही। कहा जाए तो नए साल के मौके पर बैराज पर मेले जैसा माहौल रहा। थानाध्यक्ष सुजौली प्रकाश चंद्र शर्मा के नेतृत्व थाने की पुलिस बल व पीएसी के जवान सुरक्षा में तैनात रहे। वहीं दूसरी ओर कतर्नियाघाट इंट्री गेट से लेकर लगभग 500 मीटर दूर तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। कुछ सैलानियों ने जंगल सफारी व बोटिंग का आनंद लिया तो कई लोकल व दूरदराज के सैलानियों ने घड़ियाल सेंटर, और नावघाट पर घूमने पहुचे जहां उन्होंने नए साल का जश्न मनाते हुए खूब आनंद लिया। नए साल के मौके पर कतर्नियाघाट का घड़ियाल सेंटर व घाघरा बैराज सैलानियों व स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।