रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सीमा के समानांतर सड़क का निर्माण कराया गया है। इस सड़क के निर्माण से सीमा पर सुरक्षा बलों की निगरानी और आवागमन को और अधिक सुगम बनाया जा सकेगा। इसी क्रम में निबिया गांव से सटे नेपाल के जमुनहा क्षेत्र के निकट नो मैन्स लैंड में स्थित एक पुराने शिव मंदिर तथा लोहा शाह बाबा की मजार प्रशासन के संज्ञान में आई थी। सीमा सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत प्रशासन द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्रवाई की गई थी। उपजिलाधिकारी नानपारा अमीता यादव ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। अतिक्रमण की जद में आने वाले सभी स्थलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विगत महीनों पहले लोहा शाह बाबा की मजार के अतिक्रमण वाले हिस्से को पूर्व में हटाया जा चुका था इसी क्रम में नो मैन्स लैंड जमुनहा में स्थित शिव मंदिर को सोमवार दोपहर बाद जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान भारत और नेपाल दोनों देशों के प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के समय नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स के डीएसपी तीरथराज न्यौपाने, एपीएफ के जवान, एसएसबी के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार,नायब तहसीलदार अक्षय पांडे, कानूनगो रामनरेश, लेखपाल करुणेश त्रिपाठी तथा प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा रमेश सिंह रावत पुलिस बल के साथ उपस्थित रहे। प्रशासन ने बताया कि शिव मंदिर को गिरने से पहले ही स्थापित शिवलिंग एवं अन्य पूजनीय सामग्री को सम्मानपूर्वक दीनदयाल नगर वार्ड संख्या-9 स्थित थाना परिसर के पीछे पहले से ही स्थानांतरित कर शिव मंदिर में पुनः स्थापित कर दिया गया है, जहां श्रद्धालु पूर्व की भांति पूजा-अर्चना कर सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि सीमा सुरक्षा और सुचारु सीमा प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए नो मैन्स लैंड तथा अतिक्रमण की जद में आने वाले सभी स्थलों को नियमानुसार अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।