बहराइच जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर रविवार को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रवेश से पहले सघन जांच की गई। कई परीक्षार्थी प्रश्नपत्र के कठिन सवालों को देखकर माथापच्ची करते नजर आए। परीक्षा केंद्रों पर गहमागहमी के बीच स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी गई। जिले में किसान पीजी कॉलेज, जीआईसी बहराइच, जीजीआईसी, महाराज सिंह इंटर कॉलेज तथा महिला पीजी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा में कुल 1808 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 65 फीसदी परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह नौ से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो से पांच बजे तक चली। परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई और प्रवेश पत्रों की जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया। कई परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र के कुछ प्रश्न अपेक्षा से कठिन थे, जिनसे उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। डीएम अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि सभी केंद्रों पर निष्पक्ष परीक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। केंद्र व्यवस्थापकों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।