भारत–नेपाल सीमा पर स्थित रूपईडीहा क्षेत्र में इन दिनों घना कोहरा और सर्द हवाओं का प्रकोप लगातार बना हुआ है। सुबह और देर शाम दृश्यता काफी कम हो जाने के कारण सीमा से आवागमन करने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों की हैडलाइट जलाकर बेहद सावधानी से वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ रहा है। कोहरे की वजह से सीमा मार्ग, मुख्य सड़कें और कस्बे की गलियां धुंध की चादर में लिपटी रहती हैं। नेपाल से भारत और भारत से नेपाल आने-जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। कई स्थानों पर दृश्यता 20 से 30 मीटर तक सिमट जाने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह के समय बाजार देर से खुल रहे हैं, वहीं शाम ढलते ही सड़कों पर आवाजाही कम हो जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में तैनात सुरक्षा कर्मियों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को भी ठंड और कोहरे के बीच अपने कर्तव्यों का पालन करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कोहरे के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। फिसलन और कम दृश्यता के चलते वे धीरे-धीरे वाहन चला रहे हैं। प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की जा रही है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय हैडलाइट व इंडिकेटर का प्रयोग करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।