मटिहा गांव के मजरा लीलापुरवा में मंगलवार देर शाम को नवनिर्मित दीवार को तरी करने के दौरान पुरानी रंजिश में कुछ लोगों ने कट्टे से फायर कर एक युवक को घायल कर दिया। लहूलुहान युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल युवक के पाटीदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी विनोद यादव (30) ने बताया कि शाम को वह अपने घर की दीवार की तरी का काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही दो लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार लेकर उसे दौड़ाने लगे। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपियों ने कट्टे से फायर कर दिया, गोली लगने से वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन उसे घायल अवस्था में लेकर सीधे कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. संतोष यादव ने बताया कि घायल के शरीर से काफी खून बह चुका था। एक्सरे और अन्य जांच के बाद ही गोली लगने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी पंहुप सिंह ने बताया कि घायल युवक को इलाज के लिए भेजा गया है। प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वाले घटना के बाद से मौके से गायब है उनकी तलाश की जा रही है ।