सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और हादसों में होने वाली मौतों को घटाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग सक्रिय हो गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित सीसी टीम को बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में आयोजित किया गया। यातायात प्रभारी के साथ मेडिकल कॉलेज के डॉ. मकबूल हैदर जाफरी और डॉ. सैयद जफर हुसैन ने घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और प्राथमिक उपचार देने के तरीकों के बारे में जानकारी दी। वहीं जिला प्रबंधक ने आईआरएडी और ईडीएआर सिस्टम के बारे में समझाया। प्रभारी निरीक्षक यातायात रामप्रकाश यादव ने जीरो फेटलिटी ड्राइव को प्रभावी ढंग से लागू करने और ई-चालान ऐप के जरिए कार्रवाई करने की प्रक्रिया बताई। साथ ही उच्च न्यायालय और यातायात निदेशालय के निर्देशों से भी टीम को अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान सीसी टीम को नियमों का पालन कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।